सन्ना।
सन्ना वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्राडीपा में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात उपद्रवियों द्वारा जंगल में स्थित बड़े और पुराने पेड़ों की छाल उतारकर उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया गया है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर वन विभाग को सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकतों से जंगल और पर्यावरण दोनों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
वन विशेषज्ञों के अनुसार पेड़ की छाल उसकी सुरक्षा परत होती है, जो कीटों, बीमारियों और मौसम के प्रतिकूल प्रभावों से पेड़ की रक्षा करती है। छाल हट जाने से पेड़ कमजोर हो जाता है और धीरे-धीरे सूख सकता है या उसकी मृत्यु भी हो सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता को गंभीर खतरा उत्पन्न हो जाएगा। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और जंगलों की नियमित निगरानी की जाए।

